PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – रायगढ़ : ढलानों पर बनेगी जल-संरक्षण की राह, संवरेंगे खेत और गांव – वर्षा जल के बेहतर प्रबंधन, मिट्टी के कटाव को रोकने और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए रायगढ़ जिले में स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच और कंटूर ट्रेंच निर्माण के 28 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ढलान वाले क्षेत्रों में बनने वाली ये संरचनाएं बारिश के पानी के तेज बहाव को नियंत्रित कर उसे धीरे-धीरे जमीन में समाहित करने में मदद करेंगी। इससे खेतों में नमी बनाए रखने और भूमि की उत्पादकता को सुरक्षित रखने में सहायता मिलेगी।
16,873 ट्रेंच निर्माण का लक्ष्य
जिले में कुल 16,873 ट्रेंच बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। करीब 38.27 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इन कार्यों के लिए 52.55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इनमें रायगढ़ विकासखंड में 6, खरसिया में 16 और तमनार विकासखंड में 6, यानी कुल 28 कार्य शामिल हैं।
वर्षा जल संरक्षण से मिट्टी कटाव पर नियंत्रण
स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच और कंटूर ट्रेंच का निर्माण विशेष रूप से ढलान वाले इलाकों में बारिश के पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। पानी के प्रवाह को रोककर उसे धीरे-धीरे भूमि में समाहित होने का अवसर मिलता है।
इससे भू-क्षरण कम करने, मिट्टी में नमी बनाए रखने और भूमि की उत्पादक क्षमता को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ रोजगार
इन कार्यों को ग्रामीण समुदाय की भागीदारी और श्रम आधारित गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इससे जल, जंगल और जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
ढलानों पर बनाई जा रही ये छोटी जल-संरचनाएं भविष्य में खेतों और गांवों में बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं। रायगढ़ जिले में जल और मिट्टी संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

