PTV BHARAT 10 SEPTEMBER 2026 – महासमुंद : महतारी वंदन योजना से बेटियों का भविष्य संवार रहीं कनिज फातिमा और कचरू देवार
महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी दे रही है। योजना से मिलने वाली राशि का महिलाएं अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार सदुपयोग कर रही हैं। महासमुंद शहर की कनिज फातिमा और कचरू देवार योजना की राशि से अपनी बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि खाते खुलवाकर हर माह बचत कर रही हैं।
महासमुंद शहर के राम रहीम नगर निवासी कनिज फातिमा को योजना का लाभ निरंतर हर माह मिल रहा है। वे योजना से प्राप्त एक हजार रुपये की राशि में से 500 रुपये अपनी बिटिया के नाम से सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रही हैं, जबकि शेष 500 रुपये बिटिया के पोषण एवं आवश्यकताओं पर खर्च करती हैं। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का अवसर दिया है। इसी तरह देवार डेरा निवासी कचरू देवार भी महतारी वंदन योजना की राशि का सदुपयोग करते हुए अपनी बिटिया के नाम से सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया है। वे प्रत्येक माह योजना से प्राप्त राशि में से 500 रुपये खाते में जमा कर रही हैं। इस तरह योजना से मिलने वाली सहायता राशि आज बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सहायक बन रही है।
कनिज फातिमा और कचरू देवार ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

