PTV BHARAT रायपुर | रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में ढाई वर्ष की विकास यात्रा ने सड़क, यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय की है। विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने 01 जनवरी 2024 से 31 अगस्त 2026 तक अपने कार्यकाल में जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के माध्यम से विकास कार्यों को गति प्रदान की है।
“विकास के साथ विश्वास और जनसेवा के साथ संकल्प” को आधार बनाकर विधायक श्री मिश्रा ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं क्षेत्रों का लगातार दौरा किया, नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निराकरण के लिए प्रभावी पहल की।
ढाई वर्ष की इस विकास यात्रा में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के माध्यम से कुल 438 विकास कार्यों के लिए ₹1722.40 करोड़ की विभागीय समेकित राशि का प्रावधान/स्वीकृति हुई है। इनमें 320 कार्य पूर्ण, 78 कार्य प्रगतिरत तथा 40 कार्य प्रारंभ/प्रक्रियाधीन हैं।
एक नजर में विकास का आंकड़ा
एजेंसी कार्य राशि पूर्ण प्रगतिरत प्रारंभ/प्रक्रियाधीन
नगर निगम 401 ₹48.80 करोड़ 307 68 26
लोक निर्माण विभाग 17 ₹1295.71 करोड़ 1 3 13
700-बेड मेडिकल कॉलेज भवन/उपकरण 1 ₹376 करोड़ 0 0 1
जिला खनिज संस्थान न्यास 19 ₹1.89 करोड़ 12 7 0
कुल 438 ₹1722.40 करोड़ 320 78 40
कनेक्टिविटी और यातायात सुधार को मिली बड़ी रफ्तार
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कई बड़ी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
कचना-खम्हारडीह मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज ढाई वर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है। ₹39.44 करोड़ की लागत से निर्मित यह ओवरब्रिज पूर्ण हो चुका है तथा 22 मई 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी द्वारा लोकार्पित किया गया।
इसके अलावा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं—
- जी.ई. रोड पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक, तेलीबांधा (गुरुनानक चौक) तक ₹152.34 करोड़ के फ्लाईओवर का निर्माण। स्वीकृति उपरांत निविदा 14 जनवरी 2026 को आमंत्रित की गई तथा दर स्वीकृति हेतु शासन स्तर पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
- खालसा स्कूल से पंडरी होते हुए मोवा थाना तक ₹564.98 करोड़ के फ्लाईओवर ब्रिज का प्रस्ताव प्रशासकीय स्वीकृति हेतु मुख्य अभियंता को प्रेषित किया गया है।
- शंकर नगर विधानसभा मार्ग के टर्निंग प्वाइंट पर ₹160.63 करोड़ के ग्रेड सेपरेटर का प्रस्ताव अधीक्षण अभियंता को प्रेषित किया गया है।
- मोवा अंडरपास से लाभांडी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 तक मार्ग निर्माण, जिसमें 06 ओवरब्रिज/डबल डेकर ब्रिज का प्रावधान है, के लिए सर्वेक्षण एवं प्राक्कलन की प्रक्रिया जारी है।
- देवेंद्र नगर-मंडी गेट-कापा मार्ग पर वाल्टेयर लाइन में ₹55.79 करोड़ की लागत से अंडरब्रिज के लिए प्रशासकीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रमुख अभियंता को भेजा गया है।
- पंडरी साई मंदिर क्षेत्र, देवेंद्र नगर, एन.आई.सी. कॉलोनी एवं गोल्डन होम्स क्षेत्र में ₹38.65 करोड़ के सड़क निर्माण कार्य का प्राक्कलन शासन को प्रेषित किया गया है।
- न्यू शांतिनगर, राजातालाब, शंकरनगर एवं राजीवनगर में ₹38.29 करोड़ के मार्ग निर्माण कार्यों का प्राक्कलन शासन को भेजा गया है।
- गायत्रीनगर, गीतांजलीनगर एवं कवितानगर क्षेत्र में ₹40.59 करोड़ के मार्ग निर्माण कार्यों का प्राक्कलन शासन को प्रेषित किया गया है।
लोक निर्माण विभाग से संबंधित कार्यों का कुल महायोग ₹1295.71 करोड़ है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी गई है। 700-बेड मेडिकल कॉलेज भवन एवं उपकरण व्यवस्था के लिए ₹376 करोड़ की परियोजना प्रक्रियाधीन है।

