रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में होंगे जनसेवा के कार्यक्रम

PTV BHARAT 15 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में होंगे जनसेवा के कार्यक्रम
‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक महीने का देशव्यापी अभियान है। इसका मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और विकास से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के साथ जनसेवा के कार्यक्रमों को बढ़ावा देना है। इन कार्यक्रमों में रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, स्कूलों में प्रतियोगिताएं आदि शामिल हैं।

इस अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेना, केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना तथा प्रत्येक परिवार की सहभागिता के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यकाल के सम्मान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी अभियान है। सेवा गतिविधियों में नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल साक्षरता जैसी 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। श्रमदान के रूप में नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की गई है। श्रमदान की फोटो या वीडियो ‘माई भारत’ पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र मिलेगा।

विशेष कार्यक्रम के रूप में 17 सितंबर 2026 को ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत संभागीय मुख्यालय रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर (सरगुजा) और जगदलपुर (बस्तर) के ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन से समन्वय कर प्रस्तावित तिथि के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत स्थानीय कलाकारों के माध्यम से नुक्कड़ नाटक, नृत्य नाटिका सहित सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसी अभिनव गतिविधियां आयोजित होंगी।

इन गतिविधियों का संचालन शासकीय विभागों के साथ-साथ नागरिकों तथा सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सभी आयु वर्ग की महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रतिष्ठित व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठन, शैक्षणिक संस्थाएं, स्वयं-सहायता समूह, युवा, महिलाएं एवं आम नागरिक सक्रिय रूप से जुड़ेंगे।

कब से कब तक चलेगा अभियान

यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे होंगे। 17 अक्टूबर 2026 को अभियान का समापन बड़े कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।

प्रदेशभर में होंगे सेवा कार्यक्रम

अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूल और कॉलेजों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में आयोजित की जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां होंगी। ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में मदद दी जाएगी।

‘आंगन का उत्सव’ में पोषण और महिला-बाल कल्याण पर जोर

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी जाएगी। कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान भी किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और परिवारों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी सफलता की वास्तविक कहानियां

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा। इन कहानियों के माध्यम से यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं का प्रभाव किस तरह आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। हितग्राहियों की सफलता की कहानियां अन्य पात्र नागरिकों को भी योजनाओं का लाभ लेने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

‘विकसित भारत’ पर रहेगा जोर

स्कूलों में ‘विकसित भारत-2047’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा’ के तहत नुक्कड़ नाटक और आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रम भी रखे गए हैं। पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों की कहानी को एक सरल, भावनात्मक और संगीतपूर्ण नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। यह कार्य प्रदेशभर के स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।

50 बदलाव वाले स्थानों का दौरा

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत करीब 50 ऐसे स्थान चुने जाएंगे, जिन्हें भाजपा मोदी सरकार के दौर में हुए बदलाव का उदाहरण मानती है। इनमें गुजरात की धोलावीरा और बस्तर जैसे स्थान शामिल हैं। सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी इन जगहों पर ले जाने की योजना है।

17 अक्टूबर को बड़ा समापन

अभियान के अंतिम दिन ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक के करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इस दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *