गरियाबंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत 10 लाख दीयों से रोशन होगा गरियाबंद

PTV BHARAT 16 SEPTEMBER 2026 – गरियाबंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत 10 लाख दीयों से रोशन होगा गरियाबंद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देशभर में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत गरियाबंद जिले में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर को जिलेभर में व्यापक स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले में लगभग 10 लाख दीयों से विभिन्न प्रमुख स्थल, शासकीय कार्यालय, गांव और मोहल्ले रोशन होंगे।

कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारी-कर्मचारी करेंगे दीप प्रज्वलित

17 सितंबर को शाम 7 बजे कलेक्टोरेट परिसर स्थित गार्डन में कलेक्टर रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी एक साथ दीप प्रज्वलित करेंगे। इस अवसर पर भुतेश्वरनाथ मंदिर परिसर में भी 25 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

राजिम स्थित त्रिवेणी संगम के निकट गंगा आरती घाट, कुलेश्वर महादेव मंदिर, राजीव लोचन मंदिर सहित जिले के विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर भी वृहद रूप से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी नगरीय निकायों, विकासखंडों में शासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, गांवों और मोहल्लों में भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इस आयोजन में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, मीडियाकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन दीदियां, स्वच्छता दीदियां, ग्राम पंचायत सचिव, कोटवार, रोजगार सहायक सहित विभिन्न विभागों के मैदानी कर्मचारी और ग्रामीणजन सहभागी बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *