PTV BHARAT 16 SEPTEMBER 2026 – गरियाबंद : सेवा संकल्प अभियान से कुम्हार नारद चक्रधारी की बदली राह, इलेक्ट्रिक चाक से बढ़ी आमदनी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अनुरूप फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम भेंड्री के नारद चक्रधारी को छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के माध्यम से इलेक्ट्रिक चाक प्रदान किया गया। नारद चक्रधारी लंबे समय से पारंपरिक माटी कला व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। वे घड़ा, मटका, सुराही, दीया, मिट्टी के खिलौने, कलश, गमला सहित विभिन्न घरेलू उपयोग के मिट्टी के बर्तन बनाते हैं। पहले वे हाथ से संचालित पारंपरिक चाक का उपयोग करते थे, जिससे अधिक समय और श्रम लगता था तथा उत्पादन क्षमता भी सीमित रहती थी।
इलेक्ट्रिक चाक मिलने के बाद उनके काम में तेजी आई है। पहले वे प्रतिमाह लगभग 10 से 12 हजार रुपये मूल्य के मिट्टी के उत्पाद तैयार कर पाते थे, वहीं अब लगभग 20 हजार रुपये तक के उत्पाद तैयार करने में सक्षम हैं। दीपावली सहित अन्य त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने पर उनकी मासिक आय 22 से 25 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। इलेक्ट्रिक चाक से समय की बचत और शारीरिक श्रम में कमी के साथ उनका व्यवसाय अधिक व्यवस्थित एवं लाभकारी हुआ है। नारद चक्रधारी ने शासन की इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक उपकरण मिलने से पारंपरिक कारीगरों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और आजीविका को मजबूत करने का अवसर मिला है।
सेवा और सुशासन से आत्मनिर्भरता को मिल रही नई दिशा
नारद चक्रधारी की यह कहानी बताती है कि सेवा और सुशासन का लाभ जब जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचता है, तो वह उसके जीवन और आजीविका में ठोस बदलाव लाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी क्षमता को नई दिशा देने का संकल्प है।

