PTV BHARAT 16 SEPTEMBER 2026 – कवर्धा : सेवा संकल्प अभियान में श्रवण बाधित विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की अभिनव पहल
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय, सिंघनपुरी, कवर्धा में अध्ययनरत श्रवण बाधित विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विद्यालय में वर्तमान में कुल 82 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनमें कक्षा 6वीं से 8वीं में अध्ययनरत श्रवण बाधित विद्यार्थियों को गणित विषय के स्थान पर सिलाई एवं कढ़ाई का व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
सिलाई-कढ़ाई से विकसित हो रहा व्यावसायिक कौशल
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता एवं कार्यकुशलता विकसित कर उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर, रोजगार योग्य एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को सिलाई मशीन के संचालन एवं रख-रखाव, कपड़ों की माप लेना एवं कटिंग करना, सिलाई कार्य, कपड़ों की मरम्मत, बटन एवं जिप लगाना तथा विभिन्न प्रकार की कढ़ाई एवं आकर्षक डिजाइन तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करके सीखने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे उनमें व्यावसायिक कौशल के साथ-साथ आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का भी विकास हो रहा है। सिलाई एवं कढ़ाई जैसे कौशल विद्यार्थियों को भविष्य में घर से अथवा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार प्रारंभ करने में उपयोगी साबित होंगे।
कौशल विकास से रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर
समाज कल्याण विभाग की यह पहल दिव्यांग विद्यार्थियों को केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात विद्यार्थी सिलाई-कढ़ाई के क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का कार्य प्रारंभ कर सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकेंगे।

