सारंगढ़-बिलाईगढ़ : ‘सेवा संकल्प’ अभियान में अनूठी मिसाल, जिलेभर में आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

PTV BHARAT 17 SEPTEMBER 2026 – सारंगढ़-बिलाईगढ़ : ‘सेवा संकल्प’ अभियान में अनूठी मिसाल, जिलेभर में आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जनसेवा और संवेदना का उदाहरण देखने को मिला। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ सहित जिले के तमाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया और जरूरतमंद मरीजों के उपचार में सहयोग किया।

जिला चिकित्सालय में हुआ शिविर का शुभारंभ

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन की उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आम जनता को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों में उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों को नियमित रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों और आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता के प्रति जागरूक किया। नागरिकों से अपील की गई कि वे समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान कर मरीजों की मदद में अपना योगदान दें। जिलेभर में दिखाई दी व्यापक जनभागीदारी ने सामूहिक प्रयास और सेवा भावना के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया और सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा, संवेदना और जनसहभागिता’ के उद्देश्य को मजबूती दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *