PTV BHARAT 02 OCTOBER 2026 – रायगढ़ : ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत पुसौर में विशाल नेत्र जांच शिविर, 3493 लोगों की हुई जांच – ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत रायगढ़ जिले के पुसौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न गांवों से पहुंचे 3493 लोगों की नेत्र जांच की गई। जांच के बाद 3165 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और करीब 800 लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
14 पंजीयन काउंटर और 10 से अधिक विशेषज्ञों ने दी सेवाएं – शिविर में लोगों की सुविधा के लिए 14 पंजीयन काउंटर बनाए गए और महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक पंजीयन की व्यवस्था की गई। 10 से अधिक नेत्र विशेषज्ञों के साथ 38 नेत्र सहायकों ने जांच में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह 9 बजे से सेवाओं में जुटी रही। NSS और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने पंजीयन, जांच और चश्मा वितरण में वालंटियर के रूप में सहयोग किया। शिविर में छाया, पेयजल, भोजन और स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी – वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने शिविर का अवलोकन कर नेत्र जांच, चश्मा वितरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने महात्मा गांधी और मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आंखों की समय पर जांच बेहद जरूरी है। बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या कई बार समय पर सामने नहीं आती, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षण आने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आदत विकसित करने की अपील की।
गांवों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा – चौधरी ने कहा कि गांवों में ऐसे शिविरों की जरूरत है, जहां जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने चिकित्सकों, नेत्र सहायकों, स्वास्थ्य विभाग, NSS, स्काउट-गाइड विद्यार्थियों और प्रशासनिक अमले के योगदान की सराहना की। उन्होंने हितग्राहियों को चश्मे पहनाए और पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। सुबह से सेवा में जुटे चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र और शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। वन विभाग की ओर से पीपल के पौधे भी वितरित किए गए।
550 से अधिक पंचायतों से लोगों को शिविर तक लाने की व्यवस्था – कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर के लिए सात दिनों तक ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। जिले की 550 से अधिक ग्राम पंचायतों से लोगों को शिविर तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई। निजी चिकित्सकों को भी शिविर से जोड़ा गया, जिन्होंने सुबह से लगातार सेवाएं दीं। उन्होंने बताया कि जिले के शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत करीब 45 हजार बच्चों की नेत्र जांच भी की जा रही है। उन्होंने पालकों से बच्चों की पढ़ाई और स्कूल संबंधी परेशानियों पर नियमित बातचीत करने की अपील की।
हितग्राहियों ने जांच और चश्मे की सुविधा पर जताई खुशी – झारमुड़ा की सतरूपा पटेल ने बताया कि रोजमर्रा के काम में दूर की चीजें देखने में परेशानी होती थी, लेकिन जांच का अवसर नहीं मिल पा रहा था। शिविर में जांच के बाद चश्मा मिलने से पढ़ने-लिखने और दैनिक कार्यों में सुविधा होगी। बायंग की योगिता महंत ने बताया कि कम्प्यूटर पर काम करने के दौरान सिरदर्द की समस्या होती थी। जांच के बाद चश्मा मिलने से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्राम बुनगा की पार्वती मैत्री ने भी जांच और चश्मे की सुविधा मिलने पर खुशी जताई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता, लक्ष्मी जीवन पटेल, भाग्यवती डोलनारायण, जैमिनी गुप्ता, नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव सहित पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, NSS एवं स्काउट-गाइड के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

