बलौदाबाजार : प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से ममता बाई निषाद का घर हुआ रोशन, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़े कदम

PTV BHARAT 09 OCTOBER 2026 – बलौदाबाजार : प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से ममता बाई निषाद का घर हुआ रोशन, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़े कदम – प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में मददगार बन रही है। बलौदाबाजार जिले के सिमगा विकासखंड के ग्राम चक्रवाय निवासी ममता बाई निषाद के घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया है। बिहान की सोलर दीदियों की पहल से उनके परिवार को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की जरूरतें पूरी करने की सुविधा मिली है।

बिहान की सोलर दीदियां ग्रामीणों को कर रहीं जागरूक – कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी सोलर दीदियां ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने, पंजीयन कराने और सोलर पैनल स्थापना की प्रक्रिया में सहयोग कर रही हैं।

ग्रामीण महिलाओं की तकनीकी दक्षता को मिल रहा बढ़ावा – ग्राम चक्रवाय में ममता बाई निषाद के घर सोलर सिस्टम की स्थापना बिहान के शुभ संकुल संगठन, बनसांकरा, विकासखंड सिमगा के माध्यम से सोलर दीदियों ने की। इस पहल के जरिए ग्रामीण महिलाएं आधुनिक सौर तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इससे उनकी तकनीकी दक्षता विकसित होने के साथ आजीविका के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

स्वच्छ ऊर्जा और महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहन – ममता बाई निषाद के घर स्थापित 3 किलोवाट का सोलर पैनल सिस्टम स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ग्रामीण परिवारों को सशक्त बनाने और महिलाओं की भागीदारी से विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बिहान की सोलर दीदियों ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *