PTV BHARAT 15 OCTOBER 2026 – राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आत्माराम साहू को बिजली बिल की चिंता से मिली मुक्ति
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम मासूल निवासी आत्माराम साहू के जीवन में बचत और आत्मनिर्भरता की नई रोशनी लाई है। पहले हर महीने आने वाला अधिक बिजली बिल उनके परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ डालता था, लेकिन अब घर की छत पर लगा सोलर पैनल उनकी बिजली की जरूरतें पूरी करने के साथ आर्थिक बचत का माध्यम भी बन गया है।
1 लाख 8 हजार रुपये की मिली सब्सिडी
आत्माराम साहू ने योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। शासन की इस सहायता से उनका घर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गया है।
अतिरिक्त बिजली से हो रही बचत
साहू ने बताया कि पहले हर महीने अधिक बिजली बिल आने से परिवार के बजट पर असर पड़ता था और बिल जमा करने की चिंता बनी रहती थी। सोलर पैनल लगने के बाद स्थिति बदल गई है। अब उनके घर की जरूरत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है, जिससे उनके बिजली खाते में क्रेडिट बढ़ रहा है और बिजली बिल शून्य अथवा माइनस में आ रहा है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से घर की बिजली की जरूरतें पूरी होने के साथ पैसों की बचत भी हो रही है। पहले बिजली बिल परिवार के लिए आर्थिक बोझ था, वहीं अब अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ मिल रहा है। इस बदलाव से उनके परिवार को बड़ी राहत और खुशी मिली है।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सामान्य परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बिजली खर्च में कमी आने के साथ पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है। आत्माराम साहू का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं आम नागरिकों के जीवन में प्रत्यक्ष और सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
आत्माराम साहू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके घर को बिजली उपभोक्ता से बिजली उत्पादक बना दिया है। योजना से उनके परिवार को बिजली बिल की चिंता से मुक्ति मिली है और बचत, आत्मनिर्भरता तथा खुशहाली की नई राह खुली है।

