PTV BHARAT 17 OCTOBER 2026 – महासमुंद : मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना से युवराज और चौतराम को हर माह मिल रही 1,500 रुपये की पेंशन
शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। महासमुंद जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 16 निवासी चौतराम साहू एवं ग्राम बेलसोंडा निवासी युवराज कुमार कन्नौजे को श्रम विभाग में पेंशन के लिए आवेदन करने के बाद प्रतिमाह 1,500 रुपये की पेंशन मिल रही है। यह राशि उनके लिए आर्थिक सहायता का माध्यम बन गई है। पेंशन से उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था करने में मदद मिल रही है।
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र श्रमिकों को मिलती है पेंशन
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना संचालित है। इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र श्रमिकों को आवेदन करने पर प्रतिमाह 1,500 रुपये की पेंशन सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
पेंशन से स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मिल रही मदद
चौतराम साहू ने बताया कि आवेदन के बाद उन्हें प्रतिमाह 1,500 रुपये की पेंशन मिल रही है। इस राशि से स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और रोजमर्रा में उपयोग होने वाली वस्तुओं की व्यवस्था करने में सहूलियत हुई है।
वहीं, ग्राम बेलसोंडा निवासी युवराज कुमार कन्नौजे ने बताया कि वह हर महीने मिलने वाली पेंशन राशि का उपयोग अपनी सेहत का ध्यान रखने और दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुएं खरीदने में करते हैं। नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि से उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
चौतराम साहू और युवराज कुमार कन्नौजे ने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

