सूरजपुर : स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की राह पर ग्रामीण महिलाएं, बसंती राजवाड़े की आजीविका गतिविधियों से प्रतिमाह 32 हजार रुपये की आमदनी

PTV BHARAT 17 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की राह पर ग्रामीण महिलाएं, बसंती राजवाड़े की आजीविका गतिविधियों से प्रतिमाह 32 हजार रुपये की आमदनी

स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इन समूहों का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। स्व-सहायता समूह महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने, कृषि आधारित कार्यों में भाग लेने और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके माध्यम से महिलाएं अपनी आय बढ़ाने के साथ सिलाई, बुनाई और हस्तशिल्प जैसे नए कौशल भी सीख रही हैं।

कलेक्टर रेना जमील ने जनपद पंचायत रामानुजनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णपुर पहुंचकर पूजा महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य बसंती राजवाड़े द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ऑयल मिल, आटा चक्की और धान मिल के संचालन की जानकारी ली। साथ ही बसंती राजवाड़े से चर्चा कर स्वरोजगार से हो रही आय और व्यवसाय की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

ऑयल मिल में उत्पादित सरसों तेल की आपूर्ति सूरजपुर और अंबिकापुर तक

बसंती राजवाड़े ने बताया कि इन आजीविका गतिविधियों से उन्हें प्रतिमाह लगभग 32 हजार रुपये की आमदनी होती है, जिसमें से करीब 10 हजार रुपये मशीनों के संचालन एवं रखरखाव पर खर्च होते हैं। उनकी ऑयल मिल में उत्पादित सरसों तेल की आपूर्ति अब सूरजपुर और अंबिकापुर तक की जा रही है। इससे उनके व्यवसाय को स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी पहचान मिल रही है।

कलेक्टर ने बसंती राजवाड़े के स्वरोजगार प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें व्यवसाय का विस्तार करने और अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने और मशीनों के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में स्व-सहायता समूहों की अहम भूमिका

कलेक्टर ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियां ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में महिला सशक्तीकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *