PTV BHARAT 19 OCTOBER 2026 – सुकमा : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिल में बड़ी बचत, सोलर पैनल से अतिरिक्त बिजली ग्रिड में पहुंच रही
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सुकमा जिले के नागरिक सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च में बचत कर रहे हैं। नगर पालिका सुकमा के वार्ड क्रमांक 15, कुम्हाररास निवासी आपु हालदार ने भी इस योजना का लाभ लेते हुए जुलाई 2026 में अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है।
आपु हालदार ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह लगभग 300 से 500 रुपये तक आता था। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद पिछले कुछ महीनों से उनका बिजली बिल शून्य भी दर्ज हो रहा है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल से घर की आवश्यकता से अधिक बिजली उत्पन्न होने पर अतिरिक्त बिजली ग्रिड में पहुंच रही है, जिससे उनके बिजली खाते में क्रेडिट दर्ज हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल की स्थापना के लिए उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। योजना के तहत मिली सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाना उनके लिए आसान हुआ है और अब उन्हें बिजली खर्च में राहत मिल रही है। उनके घर में कुंवर एंड कंपनी एक्शन एनर्जी द्वारा सोलर कनेक्शन स्थापित किया गया है।
आपु हालदार ने पीएम सूर्य घर योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से उनके परिवार को बिजली खर्च में राहत मिली है। यह योजना आम परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के साथ बिजली के खर्च में बचत करने का अवसर भी प्रदान कर रही है।

