PTV BHARAT 23 OCTOBER 2026 – रायपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनी उम्मीद की डोर, त्वरित पहल से सुरेश सारथी की बेटी को मिला जन्म प्रमाण पत्र
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसका उदाहरण सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बरमकेला तहसील अंतर्गत ग्राम बाथ निवासी सुरेश कुमार सारथी की कहानी है, जिनकी वर्षों की चिंता एक फोन कॉल से दूर हो गई।
सुरेश कुमार सारथी अपनी नवजात पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से परेशान थे। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में उन्हें कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जब उन्हें कोई अन्य रास्ता नहीं सूझा, तो उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी सेवा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का सहारा लिया और अपनी समस्या दर्ज कराई।
स्वास्थ्य विभाग ने की त्वरित कार्रवाई
हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही प्रशासनिक तंत्र सक्रिय हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। विभाग की तत्परता का परिणाम रहा कि कुछ ही समय में स्वास्थ्य केंद्र देवगांव द्वारा उनकी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।
जन्म प्रमाण पत्र मिलने से चेहरे पर लौटी मुस्कान
बेटी का जन्म प्रमाण पत्र हाथ में आते ही सुरेश कुमार सारथी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने राहत की सांस लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुरेश सारथी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस डिजिटल और सुगम व्यवस्था के माध्यम से उनकी समस्या सीधे संबंधित विभाग तक पहुंची और बिना किसी भागदौड़ के समय पर उसका समाधान हो गया। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार जताते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था से आम लोगों का जीवन आसान हो रहा है।

