मोहला : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन और पीडब्ल्यूडी आवासीय परिसर का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 23 OCTOBER 2026 – मोहला : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन और पीडब्ल्यूडी आवासीय परिसर का किया निरीक्षण

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव-डोंगरगांव-चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग सहित मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला मुख्यालय मोहला में निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस और लोक निर्माण विभाग के आवासीय परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।

निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

मुकेश कुमार बंसल ने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्य समय पर पूर्ण हो सकें।

99.20 किलोमीटर लंबे मार्ग का भी किया निरीक्षण

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने 99.20 किलोमीटर लंबे राजनांदगांव-डोंगरगांव-चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति एवं संबंधित कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके रखरखाव में पूरी सतर्कता और गंभीरता बरती जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत और अधीक्षण अभियंता अपर्णा चौरपगार भी मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *