PTV BHARAT 23 OCTOBER 2026 – कवर्धा : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पीएम जनमन आवास में ठगी के आरोप में ठेकेदार निक्की खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने और उनकी राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पिछले दिनों दो ठेकेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने के बाद अब बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में तीन हितग्राहियों से राशि लेने और आवास निर्माण पूरा नहीं करने के मामले में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की गई है।
जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राही राजिम धुर्वे ने ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि ठेकेदार ने आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं किया और राशि वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाए। इस मामले में थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
तीन हितग्राहियों से 2.40 लाख रुपये लेने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये प्राप्त करने के बाद तत्कालीन सरपंच के पति शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान ने आवास निर्माण का ठेका लिया। इसके बाद दूसरी किस्त की 60 हजार रुपये की राशि भी ठेकेदार को नकद भुगतान की गई। इसके बावजूद आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
हितग्राही द्वारा आवेदन में दी गई जानकारी के अनुसार, तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये, कुल 2 लाख 40 हजार रुपये, छलपूर्वक लेने की शिकायत पर थाना चिल्फी में एफआईआर दर्ज की गई है।
अब तक तीन ठेकेदारों के विरुद्ध एफआईआर
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के निर्माण कार्यों में कुछ स्थानों पर ठेकेदारों द्वारा आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से ठगी किए जाने के मामले सामने आए हैं। निर्माण कार्य पूरा नहीं करने और राशि वापस नहीं करने के आरोपों में अब तक तीन ठेकेदारों के विरुद्ध संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इनमें ग्राम आमानारा के बैसाखू बैगा की शिकायत पर थाना तरेगांव जंगल में ठेकेदार तुमेश गोड़ के विरुद्ध तथा ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की शिकायत पर थाना चिल्फी में ठेकेदार कुमार मेरावी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
अब तक दर्ज एफआईआर के अनुसार, तीनों ठेकेदारों पर कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। हितग्राहियों ने राशि वापस नहीं मिलने और आवास निर्माण पूरा नहीं होने पर संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई है।

