अंबिकापुर : शासन की योजनाएं एवं नीतियां तैयार करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका : संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा

PTV BHARAT 24 OCTOBER 2026 – अंबिकापुर : शासन की योजनाएं एवं नीतियां तैयार करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका : संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा

डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना कार्य) का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष, अंबिकापुर में संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिलेभर से आए चार्ज अधिकारी (तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी) उपस्थित रहे।

इस दौरान संभागायुक्त दुग्गा ने कहा कि जनगणना के द्वितीय चरण में सभी प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक दर्ज की जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति या घर जनगणना से छूट न जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं एवं नीतियां तैयार करने में जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी चार्ज अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और उन्हें जनगणना संबंधी निर्देशों की पूरी जानकारी होनी चाहिए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जनगणना निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान अवश्य कर लें, ताकि मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रश्न पूछे जाने पर उचित उत्तर दिया जा सके।

संभागायुक्त ने आम नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील की

संभागायुक्त दुग्गा ने आम नागरिकों से अपील की कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। ऐसे में सभी नागरिक जनगणना के दौरान सही-सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग में जनगणना के प्रथम चरण में बेहतर कार्य हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि द्वितीय चरण में भी इसी तरह अच्छा कार्य किया जाएगा।

मास्टर ट्रेनर्स ने दिया प्रशिक्षण

जनगणना निदेशालय, नवा रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कंप्यूटर आधारित प्रस्तुतिकरण (पीपीटी) के माध्यम से चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, अनुविभागीय दंडाधिकारी अंबिकापुर बनसिंह नेताम, उदयपुर के रामराज सिंह, सीतापुर की प्राची ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर प्रिंसी तम्बोली, सुष्मिता टोंड्रे सहित तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *