रायपुर : जीराफूल चावल से समृद्धि की नई राह, चांगरो के किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

PTV BHARAT 24 OCTOBER 2026 – रायपुर : जीराफूल चावल से समृद्धि की नई राह, चांगरो के किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कृषि पहचान को सहेजने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए बलरामपुर जिले के ग्राम चांगरो में जीराफूल चावल की जैविक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर किसानों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने जीराफूल की खेती को संगठित रूप देने, इसकी ब्रांडिंग करने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने का भरोसा दिलाया।

पारंपरिक खेती को सहेजने के प्रयासों की सराहना

ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जमीन पर बैठकर किसानों के अनुभव सुने और पारंपरिक खेती को संरक्षित करने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने किसानों को रासायनिक खाद से दूरी बनाकर जैविक पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि चांगरो का जीराफूल चावल क्षेत्र की अनमोल पहचान है। इसकी सुगंध और गुणवत्ता को जिले से आगे राज्य और देशभर में पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

जीआई टैग प्राप्त सुगंधित चावल है जीराफूल

जीराफूल धान की पारंपरिक, सुगंधित और छोटे दाने वाली किस्म है। इसके पतले दाने जीरे जैसे दिखाई देते हैं, इसलिए इसका नाम जीराफूल पड़ा। मार्च 2019 में इसे जीआई टैग मिला। प्राकृतिक मिठास और मनमोहक सुगंध के लिए प्रसिद्ध यह चावल हल्का और सुपाच्य भी है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 100 से 120 रुपए प्रति किलो तक है।

30 गांवों में हो रही खेती, ब्रांडिंग और विपणन पर जोर

जिला प्रशासन के अनुसार, जीराफूल की बेहतर मार्केटिंग और किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए उनके साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। शंकरगढ़ क्षेत्र के लगभग 30 गांवों में इसकी खेती की जा रही है। उत्पादन क्षेत्र का विस्तार करने के साथ चांगरो के जीराफूल चावल की प्रभावी ब्रांडिंग पर भी काम किया जाएगा। किसानों और इससे जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

10 स्व-सहायता समूहों की महिलाएं खेती से जुड़ीं

चांगरो में जीराफूल की खेती से 10 स्व-सहायता समूह जुड़े हैं। प्रत्येक समूह में 12 से 15 महिलाएं कार्यरत हैं। इन समूहों को शंकरगढ़ स्थित आत्मनिर्भर बलरामपुर किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जोड़ने की पहल की जाएगी। इससे किसानों को कम लागत पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री और सेवाएं मिल सकेंगी।

स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और बाजार सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए राइस मिल तथा पारंपरिक लकड़ी की ढेंकी के आधुनिक स्वरूप इलेक्ट्रिक ढेंकी की स्थापना पर भी चर्चा की गई।

जीराफूल की जैविक खेती, संगठित विपणन और ब्रांडिंग से चांगरो के किसानों की पारंपरिक मेहनत को व्यापक पहचान मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर तैयार होंगे। वहीं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उत्पादन और प्रसंस्करण से जोड़ने से स्थानीय आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *