रायपुर : कभी पानी के लिए घंटों इंतजार, अब घर में नल खोलते ही भर रहे बर्तन

PTV BHARAT 27 OCTOBER 2026 – रायपुर : कभी पानी के लिए घंटों इंतजार, अब घर में नल खोलते ही भर रहे बर्तन

कभी सुबह की शुरुआत पानी की चिंता से होती थी। बर्तन लेकर हैंडपंप तक जाना, अपनी बारी के लिए घंटों कतार में खड़े रहना और फिर पानी ढोकर घर लाना रोजमर्रा की मजबूरी थी। गर्मियों में हैंडपंप खराब हो जाने पर एक बाल्टी पानी जुटाना भी चुनौती बन जाता था। अब उन्हीं घरों में नल से पानी मिल रहा है। न हैंडपंप तक दौड़ लगानी पड़ती है और न ही कतार में घंटों इंतजार करना पड़ता है।

यह गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड के बारीउमराव गांव की नई तस्वीर है, जहां जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल कनेक्शन लगाया गया है।

घर पर ही पानी उपलब्ध होने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो गई है। सबसे बड़ा बदलाव समय और मेहनत की बचत के रूप में सामने आया है, जो पहले केवल पानी जुटाने में खर्च होते थे। बारीउमराव के करमदास पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि पीने और घरेलू जरूरतों के लिए हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मियों में वहां लंबी कतारें लगती थीं। कई बार हैंडपंप खराब होने पर दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था। अब घर में नियमित रूप से पानी मिलने से यह परेशानी दूर हो गई है।

महिलाओं और बुजुर्गों की मशक्कत हुई कम

करमदास कहते हैं, “पहले पानी भरने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब घर में ही नल से पानी मिल जाता है। न दूर जाना पड़ता है, न लाइन लगानी पड़ती है। बचा हुआ समय दूसरे कामों में लगा पाते हैं। पूरा परिवार खुश है।”

बारीउमराव में जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों में नल कनेक्शन लगने से महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। पहले उन्हें पानी के बर्तन लेकर हैंडपंप तक आना-जाना पड़ता था। अब घर में ही पानी मिलने से उन्हें दूसरे कामों के लिए अधिक समय मिल रहा है।

करमदास जैसे ग्रामीणों के लिए इस बदलाव का महत्व केवल नल कनेक्शन तक सीमित नहीं है। असली राहत पानी जुटाने की रोजाना की भागदौड़ से मुक्ति और अपने कीमती समय का उपयोग अपनी जरूरतों के अनुसार कर पाने में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *