PTV BHARAT 29 OCTOBER 2026 – सूरजपुर : सेवा सेतु से घर बैठे मिल रहीं शासकीय सेवाएं, दो दिनों में बना आय प्रमाण पत्र
छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल से नागरिकों के लिए विभिन्न शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलने से प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक बन रही है।
सूरजपुर जिले की भटगांव तहसील के ग्राम मलगा निवासी मोहम्मद जाफर कलाम को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के महज दो दिनों के भीतर उन्हें प्रमाण पत्र मिल गया। यह दस्तावेज भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में उनके लिए उपयोगी होगा।
मोहम्मद जाफर कलाम ने ऑनलाइन माध्यम से शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घर बैठे जरूरी दस्तावेजों के लिए आवेदन करने और प्रमाण पत्र प्राप्त होने से नागरिकों का समय बच रहा है तथा उन्हें सुविधा मिल रही है।
सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध हैं लगभग 900 शासकीय सेवाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप राज्य शासन शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए सेवा सेतु पोर्टल संचालित कर रहा है। पोर्टल पर लगभग 900 शासकीय सेवाएं उपलब्ध हैं। पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से सीमित सेवाएं मिलती थीं, लेकिन अब सेवा सेतु के जरिए विभिन्न विभागों की अधिक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गई हैं।
नागरिक इस पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

