रायपुर : खराब मौसम और बारिश के कारण छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आज के मुकाबले स्थगित, 30 अक्टूबर को होंगे दोनों मैच

PTV BHARAT 29 OCTOBER 2026 – रायपुर : खराब मौसम और बारिश के कारण छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आज के मुकाबले स्थगित, 30 अक्टूबर को होंगे दोनों मैच

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण छत्तीसगढ़ में बने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा के मद्देनजर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आज होने वाले दोनों मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। अब ये मैच शुक्रवार, 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे। चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में बिगड़े मौसम और इससे उत्पन्न संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने एहतियातन मैचों की तारीख बदलने का निर्णय लिया है।

लीग के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होना था। वहीं, शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच मैच निर्धारित था। अब ये दोनों मुकाबले शुक्रवार को क्रमशः शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे खेले जाएंगे।

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रोज शाम हॉकी का रोमांच

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 22 अक्टूबर से प्रतिदिन हॉकी का रोमांच देखने को मिल रहा है। सभी टीमें अपने शानदार खेल से दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। कई विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्ति भी प्रतिदिन मैच देखने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंच रहे हैं।

11 अंकों के साथ न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स अपने सभी पांच-पांच मैच खेल चुकी हैं। शेष चार टीमों का एक-एक मैच बाकी है। न्यायधानी नाइट्स तीन जीत और दो ड्रॉ के साथ 11 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर है और उसने सेमीफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। वहीं, राजधानी रॉयल्स अपने सभी मैच हारकर अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।

मैनपाट टाइटन्स ने अपने चार मैचों में से दो जीते और दो ड्रॉ खेले हैं। टीम आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। चक्रधर चैंपियन्स चार मैचों में दो जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ सात अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।

बैलाडिला बुल्स चार मैचों में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार के साथ पांच अंक लेकर चौथे स्थान पर है, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चार मैचों में एक जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ चार अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर है।

1 नवंबर को होगा फाइनल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों सेमीफाइनल 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *