कवर्धा : सूरजपुरा एवं पिरचाटोला में कोदो पैरा विषाक्तता से प्रभावित 145 पशुओं का उपचार जारी, सभी के स्वास्थ्य में हो रहा सुधार

PTV BHARAT 30 OCTOBER 2026 – कवर्धा : सूरजपुरा एवं पिरचाटोला में कोदो पैरा विषाक्तता से प्रभावित 145 पशुओं का उपचार जारी, सभी के स्वास्थ्य में हो रहा सुधार

कबीरधाम जिले के विकासखंड सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम सूरजपुरा एवं पिरचाटोला में कोदो पैरा विषाक्तता से प्रभावित पशुओं का पशुधन विकास विभाग द्वारा लगातार उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत से सूचना प्राप्त होने पर विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 28 अक्टूबर 2026 से प्रभावित पशुओं का उपचार प्रारंभ किया, जो निरंतर जारी है।

पशुधन विकास विभाग, सहसपुर लोहारा की टीम द्वारा प्रभावित पशुओं को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के साथ नियमित फॉलोअप भी किया जा रहा है। वर्तमान में सभी प्रभावित पशुओं के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और पशुओं ने चारा-दाना खाना भी प्रारंभ कर दिया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, कुल 145 प्रभावित पशुओं का उपचार जारी है तथा उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

दो पशुओं की मृत्यु, अन्य किसी पशु की मौत नहीं

उल्लेखनीय है कि 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम सूरजपुरा में दो पशुओं की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद सभी 145 प्रभावित पशुओं का उपचार एवं स्वास्थ्य निगरानी लगातार जारी रखी गई है। विभाग के अनुसार, उक्त दो पशुओं के अतिरिक्त उपचाराधीन 145 प्रभावित पशुओं में से किसी अन्य पशु की मृत्यु नहीं हुई है।

पशुधन विकास विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में निरंतर उपचार एवं फॉलोअप कर पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *