रायपुर : एनआईबीएसएम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का सीधा प्रसारण

PTV BHARAT 30 OCTOBER 2026 – रायपुर : एनआईबीएसएम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का सीधा प्रसारण

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (एनआईबीएसएम), रायपुर में आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का किसानों को सीधा प्रसारण दिखाया गया। गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि अंतरित की गई।

संस्थान के निदेशक ने किसानों को दी योजनाओं की जानकारी

प्रधानमंत्री के संबोधन एवं सीधे प्रसारण कार्यक्रम से पूर्व संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्यों एवं किसानों के लिए इसके महत्व की जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बनासकांठा से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बताते हुए कृषि एवं किसान कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि करोड़ों किसान परिवारों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक है।

रबी मौसम की बेहतर योजना और फसल विविधीकरण पर जोर

इस अवसर पर संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने किसानों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने आगामी रबी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती की बेहतर योजना बनाने तथा फसल विविधीकरण पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने किसानों को पारंपरिक फसल पद्धति के साथ दलहन एवं तिलहन फसलों को शामिल करने, फसल प्रणाली में विविधता लाने तथा उपलब्ध कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी।

आठ गांवों के 270 किसानों ने लिया भाग

परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में आसपास के आठ गांवों से लगभग 270 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 41 महिला एवं 229 पुरुष किसान शामिल थे। कार्यक्रम में ग्राम बिटिया, कुर्रा, पचरी, बरोदे, बुड़ेरा, बेलटुकरी, मधई, मुर्रा एवं भैंसा के किसानों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर ग्राम बेलटुकरी के सरपंच संतोष कुर्रे, ग्राम कुर्रा के भुवनेश्वर खूंटे तथा ग्राम बिटिया के दुष्यंत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में किसानों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। इस आयोजन ने किसानों तक केंद्र सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक, अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. के. सी. शर्मा एवं डॉ. प्रियंका मीना द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *