रायपुर : मनेंद्रगढ़ को मिली 8.68 करोड़ रुपये के नर्सिंग कॉलेज की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शिलान्यास

PTV BHARAT 10 NOVEMBER 2026- रायपुर : मनेंद्रगढ़ को मिली 8.68 करोड़ रुपये के नर्सिंग कॉलेज की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शिलान्यास

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई। मनेंद्रगढ़ बस स्टैंड के सामने स्थित भूपेन्द्र क्लब परिसर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तत्वावधान में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन का विधिवत शिलान्यास किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस परियोजना पर 868.35 लाख रुपये यानी लगभग 8 करोड़ 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज का भवन जी+2 संरचना वाला होगा, जिसमें भूतल सहित तीन मंजिलें होंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा उच्च स्तरीय नर्सिंग शिक्षा का अवसर

नर्सिंग कॉलेज की स्थापना जिले के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात है। अब मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों और राज्यों का रुख करने की मजबूरी कम होगी। उन्हें अपने ही जिले में व्यावसायिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

इस संस्थान के शुरू होने से युवाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही, प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएँ भी विकसित होंगी।

मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज से बदलेगी जिले की तस्वीर : मंत्री जायसवाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। इस सौगात का श्रेय उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज जिले के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंत्री ने दीपावली, गौरी-गौरा, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण मेडिकल कॉलेज के समीप किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से मेडिकल कॉलेज परिसर जाकर वहाँ हो रहे निर्माण कार्यों को देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल वर्तमान के लिए नहीं, बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों के भविष्य को संवारने वाला केंद्र बनेगा। जिले के युवा यहीं शिक्षा प्राप्त कर अपने क्षेत्र की सेवा कर सकेंगे।

एक वर्ष में पूरा होगा नर्सिंग कॉलेज का निर्माण

मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीएमसी ने अपने संबोधन में बताया कि 868.35 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नर्सिंग कॉलेज जी+2 संरचना वाला तीन मंजिला भवन होगा। इसमें चार वर्षीय पाठ्यक्रम की पढ़ाई का प्रावधान है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष योगदान का उल्लेख किया।

मनेंद्रगढ़ में विकास कार्यों की सौगातों का सिलसिला जारी

स्वास्थ्य मंत्री ने जिले में प्रस्तावित और प्रगतिरत विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले समय में क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है। इनमें चैनपुर से साजा पहाड़ तक सड़क निर्माण, नागपुर-चिरमिरी रेलवे लाइन, मेडिकल कॉलेज से चिरमिरी सड़क निर्माण, मेडिकल कॉलेज से पाराडोल रेलवे स्टेशन तक सड़क, सिद्ध बाबा मंदिर पहुँच मार्ग का भूमिपूजन और नालंदा लाइब्रेरी का भूमिपूजन शामिल हैं।

उन्होंने खड़गवां में कृषि महाविद्यालय, चिरमिरी में हॉर्टिकल्चर कॉलेज तथा महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन और रोजगार के क्षेत्र में लगातार विकास हो।

किसानों को धान के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं, कृषक उन्नति योजना से मिलेगी अंतर की राशि

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के संबंध में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी वास्तविक उपज के अनुसार ही धान बेचें और निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा पूरी करने के लिए बाहर से धान जुटाने की परेशानी न उठाएँ।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसी किसान के पास 10 एकड़ जमीन है और उसकी उपज 210 क्विंटल नहीं हुई है, तो उसे शेष धान की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं है। किसान के पास जितना धान है, वह उतना ही सोसायटी में बेचे। शेष राशि की सहायता सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से प्रदान करेगी।

मंत्री ने बताया कि धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल है और 3,100 रुपये के अंतर की राशि 659 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता के रूप में दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अनावश्यक रूप से दूसरे लोगों से धान खरीदकर लक्ष्य पूरा करने की कोशिश नहीं करने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों ने बताया जिले के लिए ऐतिहासिक दिन

नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने कहा कि आज मनेंद्रगढ़ के लिए खुशी और गौरव का दिन है। स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से क्षेत्र को नर्सिंग कॉलेज की सौगात मिली है। इससे जिले के विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे जिले या राज्य में जाने की आवश्यकता कम होगी।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से मनेंद्रगढ़ को नर्सिंग कॉलेज की सौगात मिली है। इसके साथ ही 220 बिस्तरों वाले अस्पताल की सुविधा भी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले ने इस अवसर को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निरंतर प्रयासों से यह संभव हो पाया है। नर्सिंग कॉलेज खुलने से जिले के विद्यार्थी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने ही क्षेत्र में सेवा कर सकेंगे। उन्होंने कहा, “तन स्वस्थ रहेगा तो मन भी स्वस्थ रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *