मुकुंदपुर में 5.22 करोड़ रुपये के वृहद पुल का भूमिपूजन, बरसात में टूटने वाला संपर्क अब होगा स्थायी

PTV BHARAT 11 NOVEMBER 2026- मुकुंदपुर में 5.22 करोड़ रुपये के वृहद पुल का भूमिपूजन, बरसात में टूटने वाला संपर्क अब होगा स्थायी

एमसीबी जिले के मुकुंदपुर से बलसोत्ता को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित वृहद पुल का भूमिपूजन बुधवार को कोड़िया नाला के पास संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनने वाले 120 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण पर 522.08 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा और प्रिया मसराम, मुकुंदपुर सरपंच विजय सिंह तथा जनपद सदस्य सीतावंती उपस्थित रहीं। जिला प्रशासन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बरसात में आवागमन की समस्या से मिलेगी मुक्ति

मुकुंदपुर से बलसोत्ता मार्ग पर स्थित कोड़िया नाला बरसात के दौरान आवागमन में सबसे बड़ी बाधा बन जाता है। इसके कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार उन्हें लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था।

पुल का निर्माण पूरा होने के बाद यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी और हर मौसम में निर्बाध आवागमन संभव होगा। इससे गांवों का जिला मुख्यालय, बाजार, स्कूल और अस्पतालों से संपर्क मजबूत होगा। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में आसानी होगी। मुकुंदपुर, बलसोत्ता सहित आसपास के दर्जनों गांवों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी बिना बाधा हो सकेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और विकास गतिविधियों को गति मिलेगी।

ग्रामीणों ने जताई खुशी

ग्रामीणों ने पुल के भूमिपूजन पर खुशी जताते हुए कहा कि इसके निर्माण से बरसात के दौरान होने वाला उनका संघर्ष समाप्त होगा। प्रशासन ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *