रायपुर : विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला शुरू

PTV BHARAT 12 NOVEMBER 2026- रायपुर : विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला शुरू

आयुक्त वीबी–जी राम जी एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रक्रियाओं की बेहतर समझ और मैदानी स्तर पर कार्यों को गति देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ 12 नवंबर को ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में किया गया। इसमें कार्यपालन अभियंता (आरईएस), सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी सहित योजना से जुड़े अन्य अधिकारी शामिल हो रहे हैं।

गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर

कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर आयुक्त वीबी–जी राम जी तारन प्रकाश सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने के लिए योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यों के चयन में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वीबी–जी राम जी योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे नवाचारपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है, जिनके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास हो रहा है।

योजना निर्माण और क्रियान्वयन पर दिया जा रहा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के प्रथम दिन भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विकसित ग्राम पंचायत योजना के विशेषज्ञ भी शामिल हुए और योजना निर्माण संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला में वीबी–जी राम जी योजना के विभिन्न आयामों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान सहित अन्य विषयों को शामिल किया गया है।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। साथ ही विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों को अपने अनुभव और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियां साझा करने का अवसर दिया गया।

33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी होंगे शामिल

कार्यशाला 12 से 14 नवंबर 2026 तक ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा, रायपुर में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को 12 जिलों, 13 नवंबर को 11 जिलों और 14 नवंबर को 10 जिलों के प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

कार्यशाला में विकसित भारत–जी राम जी योजना के विभिन्न प्रावधानों, क्रियान्वयन प्रक्रिया, तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं तथा मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही योजना के प्रभावी संचालन, कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों का क्षमता संवर्धन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *