बलरामपुर : भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अधिकार, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की प्रेरणा देता है : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

PTV BHARAT 16 NOVEMBER 2026- बलरामपुर : भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अधिकार, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की प्रेरणा देता है : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम आयु में अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी अपने अधिकार, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की प्रेरणा देता है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन को सहेजते हुए प्रकृति के साथ जीने की राह दिखाई है। जनजातीय गौरव दिवस पर बलरामपुर में प्रदर्शित स्टॉल इस गौरवशाली विरासत का प्रमाण हैं।

मंत्री राजवाड़े भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर हाई स्कूल मैदान, बलरामपुर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और बेटियों से शिक्षा ग्रहण करने तथा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

जनजातीय आस्था, कला और संस्कृति की दिखी झलक

समारोह में जनजातीय समाज की आस्था, कला, खान-पान और जीवनशैली को दर्शाती प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।

आदिम जाति विकास विभाग के स्टॉल में जनजातीय समुदायों के देवस्थलों को दर्शाती देवगुड़ी बनाई गई थी। वहीं, ‘जनजातीय आभूषण, वाद्य यंत्र, कला एवं संस्कृति’ स्टॉल में हंसली, रुपया माला, कौड़ी गजरा, नागमोरी और पैंरी जैसे पारंपरिक आभूषणों के साथ मांदर, ढोल, झांझ और नगाड़े प्रदर्शित किए गए।

बांस से बनी टोकनी, सूपा, झांपी और डलिया सहित हस्तशिल्प तथा पारंपरिक आवास की झांकी में मिट्टी की दीवारों पर बने भित्ति चित्रों और धान की बालियों व मक्के से की गई सजावट ने जनजातीय रहन-सहन की झलक प्रस्तुत की।

ट्राइबल फूड स्टॉल में चीला रोटी, ठेकवा रोटी, पीठा रोटी, मक्का रोटी, महुआ लाटा, महुआ लड्डू, रागी आटा, चटनियां और कोयनार, फुटकल, बांस करील व मछली की सुकटी सहित 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए गए।

स्व-सहायता समूहों के उत्पादों और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी

बिहान योजना के स्टॉल में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड की जानकारी दी गई। जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए निर्धारित 19,744 कार्ड के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 19,179 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 97.14 प्रतिशत है।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और जनजातीय समाज प्रमुखों का सम्मान

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और जनजातीय समाज प्रमुखों का सम्मान किया गया। करचा और धनजी के नर्तक दलों तथा सेजेस बलरामपुर और वाग्देवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए। पांच पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, राम लखन पैकरा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास समीक्षा जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के वरिष्ठजन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *