PTV BHARAT 21 NOVEMBER 2026- रायपुर : बस्तर संभागायुक्त ने धान उपार्जन केंद्र मसौरा का किया निरीक्षण
बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने शुक्रवार, 20 नवंबर को कोंडागांव जिले के धान उपार्जन केंद्र मसौरा का निरीक्षण कर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्र में धान की गुणवत्ता, नमी और वजन की जांच की। साथ ही धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों से संवाद कर खरीदी व्यवस्था एवं उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
पारदर्शिता और किसानों की सुविधाओं पर जोर
संभागायुक्त सिंह ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें अपनी मेहनत की उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
खराब मौसम को देखते हुए उन्होंने उपार्जित धान के उचित रखरखाव और उसे तिरपाल से ढंकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश समिति प्रबंधक को दिए। इसके अलावा अधिकारियों को धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
किसानों से किया संवाद, कृषक उन्नति योजना की दी जानकारी
इस दौरान संभागायुक्त ने धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रदान की जा रही प्रोत्साहन राशि एवं योजना के लाभों के संबंध में जानकारी दी गई।

