रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भिलाई में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

PTV BHARAT 24 NOVEMBER 2026- रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भिलाई में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज इस्पात नगरी खुर्सीपार, भिलाईवासियों को कुल 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि के संबंध में सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बातचीत की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपए किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार के बीते तीन वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं, वहीं शहरी विकास के तहत तीन वर्षों में 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। रामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने जब उन्हें इस्पात राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा था, तब क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न घटनाओं के समय लोगों के साथ उनका संवाद एवं सहयोग बना रहा।

विधानसभा क्षेत्र के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपए तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपए की घोषणा की गई। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।

नगरीय सुविधाओं के विस्तार से विकास को मिल रही गति : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और नगरीय सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने 154 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद पिछले तीन वर्षों में गांवों और शहरों का तेज गति से विकास हुआ है और छत्तीसगढ़ आज विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सामने नक्सलवाद की सबसे बड़ी चुनौती थी, जिससे अब प्रदेश मुक्त हो चुका है और यह बड़ा बदलाव पिछले तीन वर्षों में आया है। इसके साथ ही राज्य में निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थान आने से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा, जिसमें भिलाई की प्रभावी भूमिका रहेगी।

विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में केवल नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को हर साल नगरीय निकायों के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिल रहे हैं।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया लाभान्वित

चिटफंड निवेशकों को 3 करोड़ 16 लाख रुपए से अधिक की राशि अंतरित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व विभाग के अंतर्गत यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपए की राशि अंतरित की।

नगर निगम भिलाई के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के तहत निगम क्षेत्र के 6 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।

सीएसपीडीसीएल के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

सहायक श्रमायुक्त विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 2 हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपए के चेक प्रदान किए गए तथा 7 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के अंतर्गत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए।

मत्स्य विभाग के अंतर्गत आइस बॉक्स एवं नाव-जाल का वितरण किया गया तथा पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टा वितरित किया गया।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरजपाल, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, राकेश पाण्डे, भोजराम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *