रायपुर : विशेष लेख : इलाज की चिंता से मुक्ति, छत्तीसगढ़ में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बनी आयुष्मान योजना

PTV BHARAT 25 NOVEMBER 2026- रायपुर : विशेष लेख : इलाज की चिंता से मुक्ति, छत्तीसगढ़ में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बनी आयुष्मान योजना

स्वास्थ्य किसी भी समाज और राज्य के विकास की आधारशिला है। भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल रही है। राज्य में इस योजना को स्वास्थ्य संबंधी अन्य योजनाओं के साथ एकीकृत कर शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के रूप में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान होने वाले भारी आर्थिक बोझ से बचाना है। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना स्वस्थ और सशक्त राज्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बन रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील कार्यशैली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रही है। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना और राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना महंगे इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ नागरिकों के लिए जीवनरक्षक सहारा बन रही हैं।

योजना का स्वरूप और प्रमुख लाभ

छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना का विस्तार केवल केंद्रीय सूची तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य सरकार ने राशन कार्ड के माध्यम से लगभग सभी परिवारों को इसके दायरे में लाने का प्रयास किया है। पात्र परिवारों को देश और राज्य के पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में पूरी तरह निःशुल्क और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है।

आयुष्मान कार्ड (AB-PMJAY/SVSASY) के निर्धारित लक्ष्य 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 के विरुद्ध 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है। सूरजपुर जिले ने 21 लाख 93 हजार 647 आयुष्मान कार्ड बनाकर 97 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है और छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

नियद नेल्ला-नार 2.0 के तहत दूरस्थ वनांचल और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल जिलों बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी और छुईखदान में 93 प्रतिशत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुष्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2021 में राज्य को छह श्रेणियों में से चार श्रेणियों में पुरस्कार मिले थे। इनमें तीन पुरस्कार आयुष्मान कार्ड पंजीयन और एक पुरस्कार लैंगिक समानता के लिए था।

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना में गंभीर व दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए सहायता

अंत्योदय, प्राथमिकता वाले राशन कार्डधारक और केंद्रीय सूची में सूचीबद्ध परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। वहीं, अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारक परिवारों को राज्य योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध है।

सामान्य और बड़ी बीमारियां आयुष्मान योजना के दायरे में आती हैं, लेकिन कुछ दुर्लभ और बेहद गंभीर बीमारियों के इलाज में लाखों रुपये खर्च होते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना में गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। इस योजना के तहत लिवर प्रत्यारोपण, किडनी ट्रांसप्लांट, हृदय रोग, कैंसर, कोक्लियर इम्प्लांट और दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों जैसी महंगी चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए सीधे अस्पतालों को राशि जारी की जाती है।

जनवरी 2024 से अब तक 3,281 हितग्राहियों के लिए योजना के तहत कुल 203.07 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। योजना के अंतर्गत कैंसर के इलाज के 2,476 मामलों में 115.48 करोड़ रुपये, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 205 मामलों के लिए 27.06 करोड़ रुपये, डायलिसिस के 686 मामलों के लिए 17.18 करोड़ रुपये और हृदय संबंधी उपचार के 371 मामलों के लिए 17.08 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत हुई है। इसके अलावा किडनी ट्रांसप्लांट के 144 मामलों में 5.41 करोड़ रुपये और लिवर ट्रांसप्लांट के 31 मामलों में 5.57 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। इन योजनाओं से अब तक अनेक गरीब मरीजों को नया जीवन मिला है, जिन्होंने महंगे इलाज की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।

5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य कवर

आयुष्मान वय वंदना कार्ड के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, उनकी आय या सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना, 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जा रहा है। इस योजना की विशेषता यह है कि पहले से मौजूद बीमारियों का इलाज भी कार्ड बनने के पहले दिन से ही कवर होता है। इलाज के पैकेज में अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, दवाइयां और डिस्चार्ज के बाद का फॉलोअप खर्च भी शामिल होता है।

आयुष्मान वय वंदना कार्ड (70 वर्ष या उससे अधिक आयु) के निर्धारित लक्ष्य 8 लाख 71 हजार 717 के विरुद्ध 6 लाख 23 हजार 220 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 71.5 प्रतिशत है। बस्तर जिले ने 2 लाख 48 हजार 497 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाकर 89.8 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है और छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है।

छत्तीसगढ़ में योजना का प्रभाव और उपलब्धियां

छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल और ग्रामीण आबादी वाला राज्य है, जहां महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराना आम परिवारों के लिए मुश्किल रहा है। आयुष्मान कार्ड ने इस अंतर को कम करने में मदद की है। राज्य के दूरस्थ वनांचलों, जैसे बस्तर और सरगुजा संभाग के नागरिक भी अब रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग या देश के किसी भी बड़े शहर के पंजीकृत अस्पतालों में हृदय रोग, कैंसर, किडनी डायलिसिस, घुटने के प्रत्यारोपण और न्यूरोसर्जरी जैसी जटिल बीमारियों का निःशुल्क इलाज करवा पा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त ग्रामीण स्तर पर उप-स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया गया है। यहां प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की नियमित जांच तथा टेली-कंसल्टेशन की सुविधा मिल रही है।

कार्ड बनवाने की सरल प्रक्रिया

प्रशासन ने आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया है। नागरिक घर बैठे अपने स्मार्टफोन पर ‘Ayushman App’ डाउनलोड कर सकते हैं या आधिकारिक पोर्टल beneficiary.nha.gov.in पर जाकर आधार और राशन कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी पूरा कर अपना कार्ड बना और डाउनलोड कर सकते हैं।

ऑफलाइन केंद्र और हेल्पलाइन नंबर

नजदीकी चॉइस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र या किसी भी पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पताल में मौजूद आयुष्मान मित्र के माध्यम से निःशुल्क कार्ड बनवाया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए राज्य की हेल्पलाइन 104 या राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ राज्य में लाखों लोगों ने उठाया लाभ

छत्तीसगढ़ में करोड़ों नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं और लाखों लोगों ने इसका लाभ उठाया है। हालांकि, अभी भी कुछ चुनौतियां शेष हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्ड की उपयोगिता के प्रति अधिक जागरूकता फैलाने, निजी अस्पतालों में क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को तेज करने तथा दूरदराज के क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

स्वस्थ छत्तीसगढ़ की राह : परिवारों को मिल रहा आयुष्मान का सुरक्षा कवच

छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सुरक्षा कवच बन चुकी है। इसने यह सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है कि पैसे के अभाव में किसी भी नागरिक का इलाज न रुके। यह पहल स्वस्थ छत्तीसगढ़, समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में सहायक बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *