रायपुर : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के 19 तीर्थयात्री बोधगया, सारनाथ और नालंदा के लिए रवाना

PTV BHARAT 27 NOVEMBER 2026- रायपुर : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के 19 तीर्थयात्री बोधगया, सारनाथ और नालंदा के लिए रवाना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना श्रद्धालुओं की धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषाओं को साकार करने का माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। इसी कड़ी में आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 19 तीर्थयात्रियों को बोधगया, सारनाथ एवं नालंदा की तीर्थयात्रा के लिए रवाना किया गया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के चयनित तीर्थयात्रियों को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया, जहां से वे अपनी आगे की तीर्थयात्रा प्रारंभ करेंगे। यह पांच दिवसीय तीर्थयात्रा 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों के साथ ही ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के दर्शन और भ्रमण का अवसर मिलेगा।

तीर्थयात्री बिहार स्थित बोधगया में उस पावन स्थल के दर्शन करेंगे, जहां भगवान गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। वहीं, उत्तर प्रदेश के सारनाथ में भगवान बुद्ध द्वारा दिए गए प्रथम उपदेश से जुड़ी आध्यात्मिक विरासत से परिचित होंगे। इसके साथ ही बिहार के नालंदा में प्राचीन भारतीय ज्ञान, शिक्षा एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन करेंगे।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना राज्य सरकार की संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी सोच का परिचायक है। इस योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान कर उनकी वर्षों पुरानी तीर्थ दर्शन की अभिलाषा पूरी करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य सरकार की इस पहल से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति एवं आत्मिक संतोष प्राप्त करने के साथ ही देश की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। यह योजना धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को भी मजबूत करने में सहायक बन रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना श्रद्धालुओं के जीवन में खुशियां लाने के साथ ही जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील शासन की संकल्पना को साकार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *