PTV BHARAT रायपुर:- लम्बे अंतराल के पश्चात् छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा 37वाँ अखिल भारतीय डाक बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन आई स्पोर्ट बैडमिंटन एरेना मोवा रायपुर में दिनांक 05 फरवरी, 2024 से 09 फरवरी, 2024 तक किया जा रहा है। उक्त प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। खेल समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि जागेश्वर यादव, लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता में पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित एवं विशिष्ट अतिथि संजय मिश्रा, महासचिव, भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन के द्वारा किया जाएगा। इस दौरान श्रीमती वीणा आर. श्रीनिवास, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर एवं दिनेश कुमार मिस्त्री निदेशक डाक सेवाएँ उपस्थित रहेंगे। इसी क्रम में ‘विशेष आवरण’ एवं ‘बैडमिंटन किट के रूप में 8 फिलैटली फोटो कार्ड’ का अनावरण मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा किया जावेगा।इस प्रतियोगिता में देश के 21 डाक परिमंडलों से 104 पुरुष, 52 महिला एवं 15 वेटेरन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 8 वर्गों में विभाजित है, जो पुरूष एकल, महिला एकल, पुरूष युगल, महिला युगल, मिश्रित युगल, वेटरन पुरूष एकल, पुरूष टीमों एवं महिला टीमों के बीच खेला जाएगा। पहले दो दिन टीम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, तत्पश्चात एकल, युगल, मिश्रित युगल एवं वेटरन पुरूष एकल प्रतियोगिता आयोजित होंगी। इसी दौरान एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण प्रतियोगिता के दौरान Chhattisgarh Postal Circle youtube Channel पर किया जाएगा।
राजधानी रायपुर में आयोजित होगा 37वाँ अखिल भारतीय डाक बैडमिंटन कॉम्पिटिशन
