सड़क पर बैठे 20 से अधिक गौवंशों को अज्ञात वाहन ने रौंदा

PTV BHARAT 16 JULY 2025 बिलासपुर। जिले में तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ी है। रतनपुर थाना क्षेत्र के बारीडीह में एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठे 20 से अधिक गौवंशों को कुचल दिया। हादसे में 17 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। मामले से आक्रोशित गौसेवकों ने थाने पहुंचकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना सोमवार देर रात रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह गांव की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुख्य मार्ग पर दर्जनों गौवंश बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक वाहन गौवंशों को रौंदता चला गया। हादसा इतना भीषण था कि 17 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, मौके पर पहुंचे गौसेवकों और ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने इसे लापरवाही बताते हुए शासन-प्रशासन और स्थानीय गौपालकों को भी कटघरे में खड़ा किया।गौसेवकों का कहना है कि सड़कों पर लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार सिर्फ मूक दर्शक बने हुए हैं। इसके पहले भी जिले में अलग-अलग इलाकों में सड़क पर बैठे सैकड़ों गौवंशों की जान जा चुकी है। प्रशासन की ओर से हादसे की जांच और पशुओं के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *