PTV BHARAT 29 OCT 2025 रायपुर : समता कॉलोनी के आमा तालाब में छठ महापर्व की भोर कुछ अलग ही दृश्य लेकर आई। जल में डूबते-उतरते दीपों के बीच, लहरों पर चलती आस्था की नाव पर विधायक पुरंदर मिश्रा स्वयं सूर्योदय से पहले उपस्थित हुए। पांच बजे की ठंडी हवा में जब व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर रहे थे, ठीक उसी समय नाव पर सवार विधायक उनके बीच पहुँचकर शुभकामनाओं की रोशनी लेकर आए।
भीगे कदम, हाथों में दौना और चेहरे पर विश्वास की चमक। वातावरण ऐसा कि मानो सूरज की पहली किरण हर मनोकामना को सुनने के लिए उतावली हो। विधायक मिश्रा ने छठी मैया से क्षेत्र के हर परिवार के जीवन में समृद्धि और खुशियाँ बरसाने की कामना की। उनकी खुशी इस बात से भी झलक रही थी कि इतनी बड़ी संख्या में उपासक अपने धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पित भाव से उपस्थित रहे।
तालाब किनारों से लेकर नाव तक हर जगह जयघोष और भक्ति का सुर गूंज रहा था। हर श्रद्धालु के चेहरे पर गर्व था कि उनका त्योहार न सिर्फ परंपराओं को जोड़ता है, बल्कि जनप्रतिनिधियों को भी जन-आस्था से सीधा जोड़ देता है। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

