PTV BHARAT 29 NOVEMBER 2025 रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय डीजीपी-आइजी कान्फ्रेंस का शुभारंभ करते हुए कहा कि माओवाद, पूर्वोत्तर और जम्मू-कश्मीर जैसे नासूर बन चुके क्षेत्रों का स्थायी समाधान मोदी सरकार ने प्रदान किया है।उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों का विकास देश के अन्य हिस्सों के समान किया जाएगा। शाह ने देशभर में फैले मादक पदार्थों के संगठित अपराध के खिलाफ 360 डिग्री एक्शन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने राज्यों की पुलिस को एनसीबी के साथ मिलकर अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि हमें ऐसा तंत्र विकसित करना होगा कि नार्को तस्करों और अपराधियों को देश में एक इंच भी जगह न मिले।इस कॉन्फ्रेंस में आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आतंकवाद, माओवाद और नारकोटिक्स नेटवर्क के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह कान्फ्रेंस आंतरिक सुरक्षा के समाधान और नीति निर्धारण का एक प्रमुख मंच बनकर उभरी है। उन्होंने माओवादी हिंसा के समूल उन्मूलन के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए निर्णायक कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि अगली डीजीपी-आइजी कॉन्फ्रेंस से पहले देश इस समस्या से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा। 2014 में माओवाद प्रभावित जिलों की संख्या 126 थी, जो अब घटकर केवल 11 रह गई है।
माओवाद से लेकर कश्मीर की समस्या का स्थायी समाधान मोदी सरकार ने दिया-अमितशाह
