रायपुर – उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार देते हुए लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा ने आज सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 46 में 2 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली BT रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन एवं नई मशीन का लोकार्पण किया। यह परियोजना क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों में से एक थी, जिसे पूरा करते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने नागरिकों की सुविधा और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
लगभग 5.19 किमी लंबाई में बनने वाली इस BT रोड के निर्माण से सिविल लाइन क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा। वर्षों से सड़क की जर्जर स्थिति, और यातायात की असुविधाओं से जूझते क्षेत्रवासियों के लिए यह परियोजना एक बड़ी राहत साबित होगी। यह मार्ग आने वाले लगभग 2 माह में पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। निर्माण के पश्चात यह सड़क न केवल यातायात को सरल बनाएगी बल्कि स्थानीय व्यापार, स्कूल-काॅलेज एवं सामाजिक गतिविधियों को भी सुचारू रूप से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

