PTV BHARAT 25 JANUARY 2026 रायपुर, छत्तीसगढ़ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में MY Bharat, रायपुर द्वारा जिला प्रशासन एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सहयोग से राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 के अवसर पर आज दिनांक 25 जनवरी 2026 को राज्य स्तरीय विशाल युवा मतदाता जागरूकता पदयात्रा का सफल आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में 1000 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पदयात्रा का शुभारंभ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर से हुआ और यह लगभग 2.5–3 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कृषि मंडपम तक सम्पन्न हुई। पदयात्रा IGKV ग्राउंड, मुख्य द्वार, कृषि संग्रहालय तथा गेट क्रमांक–7 सहित प्रमुख स्थलों से होकर गुज़री। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं नागरिकों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना, प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को प्रोत्साहित करना तथा लोकतांत्रिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाना रहा। कार्यक्रम में डॉ. गौरव कुमार सिंह (आईएएस), कलेक्टर, रायपुर; पी.एस. ध्रुव, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी; श्री यशवंत कुमार (आईएएस), मुख्य निर्वाचन अधिकारी, छत्तीसगढ़; श्री विष्वदीप (आईएएस), नगर निगम आयुक्त, रायपुर; तथा श्री कुमार बिस्वरंजन (आईएएस), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, रायपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर नए एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को सम्मानित किया गया। डॉ. गौरव कुमार सिंह ने उपस्थित युवाओं को मतदाता शपथ दिलाई तथा उन्हें जागरूक, निर्भीक एवं नैतिक मतदाता बनने का आह्वान किया। पदयात्रा में MY Bharat स्वयंसेवकों व यूथ क्लब से जुड़े युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता अभियान, सेल्फी वोट स्टैंड तथा MY Bharat फ्लैग जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अर्पित तिवारी, उप निदेशक, MY Bharat, रायपुर ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का उत्सव है। जब युवा जागरूक होकर मतदान करते हैं, तभी एक सशक्त और उत्तरदायी राष्ट्र की नींव सुदृढ़ होती है। उन्होंने युवाओं से “माय भारत – माय वोट” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा MY Bharat Portal पर पंजीकरण कर राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सुनीता चंसोरिया, दुर्गा महाविद्यालय भी उपस्थित रहीं। अंत में MY Bharat, रायपुर द्वारा राज्य के समस्त युवा संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी समूहों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए यह विश्वास व्यक्त किया गया कि इस प्रकार के आयोजन लोकतांत्रिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे और राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 को एक सार्थक, प्रेरक एवं स्मरणीय पहल के रूप में स्थापित करेंगे।
मताधिकार के प्रति युवाओं को जागरूक करने MY Bharat की राज्य स्तरीय पहल
