अर्बन चैलेंज फंड को अधिक सुलभ और उत्तरदायी बनाने पर जोर; समावेशी शहरी विकास एवं नगरीय निकायों की सुदृढ़ता पर बल: तोखन साहू

PTV BHARAT 20 FEBRUARY 2026 केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री  तोखन साहू ने आज संकल्प भवन में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री गुरजीत सिंह ढिल्लों के साथ बैठक कर अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) के परिचालन दिशा-निर्देशों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।बैठक में अर्बन चैलेंज फंड की रूपरेखा को अधिक सुलभ, व्यावहारिक एवं शहरों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। चर्चा का केंद्र शहरी सुधारों को गति देना, नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों का समाधान रहा।साहू ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड को नगरीय स्थानीय निकायों (शहरी स्थानीय निकायों) की संस्थागत क्षमता बढ़ाने, उनकी वित्तीय सुदृढ़ता सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शहरी अवसंरचना एवं सेवा प्रदाय में सक्षम बनाने हेतु उत्प्रेरक की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल सभी आकार के शहरों—छोटे, मध्यम और बड़े—के लिए समान रूप से लाभकारी होनी चाहिए, जिससे देश में संतुलित और समावेशी शहरी विकास को बढ़ावा मिले।नगर वित्त को सशक्त करने की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री साहू ने कहा कि यदि यूसीएफ ईंधन है, तो एचयूडीसीओ की यूआईविन पहल उसका इंजन बन सकती है। उन्होंने कहा कि परंपरागत अनुदान आधारित व्यवस्था से आगे बढ़ते हुए नगर निकायों को निवेशोन्मुखी बनाने और म्युनिसिपल बॉन्ड जैसे बाजार आधारित वित्तीय साधनों को प्रोत्साहित करने कीदिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। एचयूडीसीओ के सहयोग से शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय संसाधन जुटाने में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *