विधानसभा में अफीम की खेती मुद्दे पर हंगामा

PTV BHARAT 09 MARCH 2026 रायपुर। दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती के मामले को लेकर सोमवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। इस पर आसंदी के समक्ष प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस के सभी 35 विधायकों को निलंबित कर दिया गया। इससे पहले विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने सत्तारूढ़ दल के संरक्षण में अफीम की खेती होने का आरोप लगाते हुए काम रोको प्रस्ताव के तहत तत्काल चर्चा कराने की मांग की। इस पर सत्ता पक्ष ने तीखा प्रतिवाद किया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। प्रश्नकाल के तुरंत बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मुद्दा उठाते हुए कहा कि राजधानी रायपुर से लगभग 50 किलोमीटर दूर गांव में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता विनायक ताम्रकार का नाम इस मामले में सामने आया है और खुद कलेक्टर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी को अब जाकर निलंबित किया गया है, जबकि प्रदेश का युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान धान के कटोरा के रूप में रही है, लेकिन अब यह अफीम का कटोरा बनने की ओर बढ़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री के संरक्षण में अफीम की खेती होने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री का नाम लिए जाने पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि पिछले चार वर्षों से यह खेती हो रही थी। उन्होंने कांग्रेस से जुड़े एक पूर्व मंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *