PTV BHARAT 23 MARCH 2026 एजेंसी नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई जा रही है। यूपी और राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगालस उड़ीसा, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में 24 मार्च तक कहीं ना कहीं गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। जयपुर राजस्थान के 10 से अधिक जिलों में पिछले पांच दिन से बारिश का दौर जारी है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण जीरा, ईसबगोल, गेंहू, सरसों समेत रबी फसलों को नुकसान हुआ है। जैसलमेर एवं जोधपुर जिलों में जीरे की फसल काली पड़ गई। अलवर, जयपुर, दौसा सहित कई जिलों में गेंहू की फसल को 90 फीसदी तक नुकसान हुआ है। अजमेर जिले में नौ हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसल पूरी तरह से खराब हो गई। अलवर, सीकर, चूरू में एक-एक हजार हेक्टेयर के करीब और जैसलमेर में दो हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसल खराब हुई है।बीकानेर जिले में सबसे अधिक 90 फीसदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि फसल खराब होने का आंकलन किया जा रहा है। कलक्टरों से रिपोर्ट मिलने के बाद किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
देश भर में फिर करवट लेगा मौसम, छाए रहेंगे बादल; कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
