बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद अलर्ट मुर्गी बेचने पर प्रशासन ने लगाई रोक

PTV BHARAT 25 MARCH 2026 बिलासपुर। H5N1 वायरस यानी बर्ड फ्लू की दस्तक ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सख्त कदम उठाते हुए 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है, जहां संक्रमण की पुष्टि के बाद विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन में सभी प्रकार की पोल्ट्री गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके तहत मुर्गी और अंडे जैसे पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही पोल्ट्री उत्पादों की दुकानों को भी अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी सेवाओं पर भी रोक लागू कर दी गई है, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शहर में चेकपोस्ट स्थापित कर निगरानी बढ़ा दी गई है और सर्विलांस जोन के भीतर और बाहर पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *