छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी करेगी अखिल भारतीय क्रिकेट और टेबल टेनिस टूर्नामेंट की मेजबानी

PTV BHARAT 24 MAY 2026 रायपुर – अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड (एआईईएससीबी) की 48 वीं वार्षिक साधारण सभा की दो दिवसीय बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में आगामी वर्ष के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज को अखिल भारतीय क्रिकेट और टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी गई। 23 और 24 मई को रायपुर में आयोजित दो दिवसीय बैठक में देश भर की विद्युत कंपनियों एवं विद्युत मंडलों के इस वर्ष के खेल कैलेंडर तथा वित्तीय लेखा – जोखा का अनुमोदन किया गया  ।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं छत्तीसगढ़ केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के अध्यक्ष संजीव कुमार कटियार ने बैठक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरत को पूरा करने वाले विद्युत कर्मियों के बीच एक सकारात्मक वातावरण निर्माण में खेल स्पर्धाओं का बड़ा महत्व है और ऐसे में सभी पॉवर कंपनियों को जिम्मेदारी पूर्वक राष्ट्रीय स्तर पर खेल गतिविधियों का आयोजन करना चाहिए। उन्होंने एआईईएससीबी के पदाधिकारियों को बीते वर्ष अखिल भारतीय स्तर पर पॉवर सेक्टर कर्मियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए बधाई दी। ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक श्री के एस मनोठिया ने बताया कि एजीएम के दौरान वित्त वर्ष 2025 -26 का लेखा – जोखा प्रस्तुत करने के साथ ही अन्य विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई जिससे आगामी वर्ष में अखिल भारतीय विद्युत खेल स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा सके। श्री मनोठिया ने बैठक में इस बात पर जोर दिया कि बीते वर्ष में जिन खेलों की राष्ट्रीय स्पर्धा नहीं हो सकी हैं उन मेजबानों द्वारा प्राथमिकता से ये स्पर्धाएं आयोजित की जाए। खेलों के आयोजन से खिलाडि़यों का मनोबल बढ़ता है और रचनात्मक वातावरण का निर्माण होता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *