PTV BHARAT 28 MAY 2026 बीजापुर – चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो 28 मई माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बीजापुर द्वारा चलाए जा रहे रेड डॉट अभियान ने पूरे जिले में जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। गाँव की चौपाल से लेकर गारमेंट फैक्ट्री तक, हर जगह माहवारी को लेकर व्याप्त शर्म और मिथकों को तोड़ने का काम जोरों पर है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को अभियान का मुख्य केंद्र बनाया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा किशोरी बालिकाओं व महिलाओं के साथ माहवारी स्वच्छता प्रबंधन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में सेनेटरी पैड के सही उपयोग, साफ-सफाई और पुरानी मान्यताओं पर खुलकर चर्चा हो रही है।बीजादूतीर स्वयंसेवकों की टोलियां गाँव-गाँव जाकर किशोरियों और महिलाओं से सीधा संवाद कर रही हैं। वहीं मितानिन दीदियां घर-घर जाकर महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और रेड डॉट अभियान के महत्व से जोड़ रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मितानिनों ने हथेली पर लाल बिंदी लगाकर माहवारी शर्म नहीं, सम्मान है का संदेश दिया।भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बीजापुर के जिला रेड क्रॉस अधिकारी नरवेद सिंह ने भी रेड डॉट अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। रेड क्रॉस के सदस्यों ने किशोरियों के बीच जाकर माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता सत्र लिए और हाइजीन किट वितरण में सहयोग किया। रेड क्रॉस के सदस्यों ने भी हथेली पर रेड डॉट लगाकर स्वास्थ्य ही सेवा है के संकल्प को दोहराया।
बीजापुर में रेड डॉट अभियान ने पकड़ी रफ्तार- गांव-गांव तक पहुँच रहा माहवारी स्वच्छता का संदेश
