रायपुर : दिव्यांगजनों के लिए वरदान साबित हुआ बगीचा का विशेष शिविर, 368 हितग्राही हुए लाभान्वित

PTV BHARAT 25 JUNE 2026 : रायपुर : दिव्यांगजनों के लिए वरदान साबित हुआ बगीचा का विशेष शिविर-जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में आयोजित दिव्यांग प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी कार्ड शिविर में 368 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड के नवनिर्माण और नवीनीकरण के साथ दिव्यांग पेंशन, सहायक उपकरण तथा दिव्यांग ऋण योजनाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए।

शिविर के दौरान ग्राम रौनी रोड कुरुमकेला निवासी 88 वर्षीय सालो देवी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया, जबकि दो दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। वहीं 192 दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन किया गया और लगभग 50 हितग्राहियों को दिव्यांग पेंशन एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई।

शिविर में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपदेव कश्यप, उप संचालक समाज कल्याण धर्मेंद्र कुमार साहू, जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर प्रमाणीकरण, पहचान पत्र और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *