PTV BHARAT 25 JUNE 2026 : रायपुर : मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से ग्राम बोड़ालाता में बहाल हुई बिजली व्यवस्था-मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से जशपुर जिले के विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत दाराखरिका के आश्रित ग्राम बोड़ालाता में लंबे समय से बाधित विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप थी, जिससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में परेशानी के साथ हाथी प्रभावित क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा संबंधी जोखिमों का भी सामना करना पड़ रहा था।
ग्राम पंचायत दाराखरिका के सरपंच द्वारा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलते ही विद्युत विभाग ने खराब ट्रांसफार्मर बदलकर गांव में बिजली आपूर्ति पुनः सुचारू कर दी।
बिजली बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।
उल्लेखनीय है कि बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे आमजन का शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो रहा है।

