PTV BHARAT 7 NOVEMBER 2026- रायपुर : बेटे की पहल से पिता को मिली लंबित पेंशन, मुख्यमंत्री साय ने ‘विष्णु की पाती’ से भेजा स्नेह संदेश
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज एक शिकायत ने बलरामपुर जिले के ग्राम जरहाडीह निवासी बुजुर्ग धुरन प्रजापति की परेशानी दूर करने में मदद की। उनकी सामाजिक सहायता पेंशन की राशि लंबित थी। इस समस्या को शासन तक पहुँचाने के लिए उनके पुत्र अंकज कुमार प्रजापति ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई के बाद धुरन प्रजापति को उनकी लंबित पेंशन राशि मिल गई।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धुरन प्रजापति और उनके परिवार को ‘विष्णु की पाती’ भेजकर शुभकामनाएँ दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन से मिलने वाली सहायता बुजुर्गों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में संबल देती है। ऐसे में लंबित राशि मिलने से धुरन प्रजापति को राहत मिली है।
पुत्र की पहल की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने पिता की समस्या के समाधान के लिए पहल करने पर अंकज कुमार प्रजापति की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार में एक-दूसरे की जरूरतों का ध्यान रखना और कठिन समय में साथ देना जीवन का बड़ा संबल है। मुख्यमंत्री ने अंकज तक अपना स्नेह पहुँचाने की बात भी कही।
समस्याओं के समाधान का माध्यम बनी हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक सहजता से पहुँचे और हर नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 इसी उद्देश्य से नागरिकों को अपनी समस्याएँ शासन तक पहुँचाने का माध्यम उपलब्ध करा रही है।

