सूरजपुर : मुख्यमंत्री की ‘विष्णु के पाती’ ने बसंती राजवाड़े के संघर्ष को दिया संबल, पत्र पाकर भावुक हुईं स्व-सहायता समूह की महिला

PTV BHARAT 7 NOVEMBER 2026- सूरजपुर : मुख्यमंत्री की ‘विष्णु के पाती’ ने बसंती राजवाड़े के संघर्ष को दिया संबल, पत्र पाकर भावुक हुईं स्व-सहायता समूह की महिला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल ‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंच रही आत्मीयता और संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायी उदाहरण सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कृष्णपुर में देखने को मिला है। स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिला बसंती राजवाड़े को मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष, स्वरोजगार और परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए स्नेहिल पत्र लिखा। पत्र पाकर बसंती भावुक हो उठीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पत्र से उन्हें कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का नया हौसला मिला है।

संघर्ष के बीच स्वरोजगार से परिवार को दिया आर्थिक संबल

बसंती राजवाड़े ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए स्वरोजगार की राह चुनी। तीन बेटियों और माता-पिता की देखभाल की जिम्मेदारी निभाते हुए वे बिहान योजना के स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। इसके बाद प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर सरसों का तेल निकालने का व्यवसाय शुरू किया। आज यही व्यवसाय उनके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार बन गया है।

बेटियों की शिक्षा और परिवार के प्रति समर्पण की सराहना

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बसंती के संघर्ष, साहस और बेटियों के भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने उनकी बेटियों आस्था, अंकिता और समीक्षा की शिक्षा का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही माता-पिता की देखभाल और परिवार के प्रति बसंती के समर्पण को भी सराहा।

मुख्यमंत्री का पत्र पाकर अभिभूत बसंती ने कहा कि वे चाहती हैं कि उनकी बेटियां खूब पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बनें और जीवन में अपने फैसले स्वयं ले सकें। उन्होंने कहा कि जिस संघर्ष से उन्हें गुजरना पड़ा, उनकी बेटियों को वैसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री द्वारा बेटियों की शिक्षा और माता-पिता के प्रति उनके दायित्वों का उल्लेख किए जाने से उन्हें विशेष खुशी हुई।

व्यवसाय को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

भावुक स्वर में बसंती ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके पत्र और आशीर्वाद से उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाएंगी तथा यह साबित करेंगी कि एक महिला अपने साहस, मेहनत और आत्मविश्वास से परिवार को मजबूत आधार दे सकती है।

‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से मुख्यमंत्री का यह आत्मीय संवाद केवल एक पत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी परिवार और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रही महिलाओं के स्वाभिमान, मेहनत और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *