PTV BHARAT 7 NOVEMBER 2026- रायपुर : छत पर सोलर प्लांट लगाकर रोहित गुप्ता ने अपनाई स्वच्छ ऊर्जा, मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ से भेजा शुभकामना संदेश
बलरामपुर के वार्ड क्रमांक 15 निवासी रोहित गुप्ता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया है। इससे उनके परिवार की बिजली संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना की है।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से रोहित गुप्ता और उनके परिवार को शुभकामनाएँ भेजीं। पत्र में उन्होंने लिखा कि परिवार की जरूरतों और खर्चों को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला जब राहत देने लगे, तो उसका संतोष खास होता है। बिजली खर्च में बचत से परिवार की अन्य जरूरतों के लिए भी गुंजाइश बनती है।
स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई सूर्य घर योजना घरों तक सौर ऊर्जा पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। इससे परिवार अपनी बिजली की जरूरतें पूरी करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।
दूसरों के लिए प्रेरणादायी पहल
मुख्यमंत्री ने रोहित गुप्ता के अनुभव को दूसरों के लिए प्रेरणादायी बताया। सोलर प्लांट से मिल रहा लाभ उन परिचितों और पड़ोसियों के लिए उपयोगी जानकारी बन सकता है, जो अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने पर विचार कर रहे हैं। किसी परिवार का सकारात्मक अनुभव लोगों का भरोसा बढ़ाता है और उन्हें नई पहल के लिए प्रेरित करता है।
रोहित गुप्ता का यह कदम दिखाता है कि स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने की शुरुआत अपने घर से की जा सकती है। छत पर लगा सोलर प्लांट अब उनके परिवार के लिए सुविधा और बचत का माध्यम है। साथ ही, यह मोहल्ले और जिले में सौर ऊर्जा अपनाने का संदेश भी दे रहा है।

