सक्ती : दीपावली पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन का विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान, मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

PTV BHARAT 7 NOVEMBER 2026- सक्ती : दीपावली पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन का विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान, मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर के आदेश और उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभिन्न मिठाई दुकानों और होटलों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।

मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

अभियान के दौरान मितल ट्रेडर्स सक्ती से सोनपापड़ी एवं सूजी, पिहू होटल फगुराम से मिल्क केक, होटल देवराज से मलाई पेड़ा, सकर्रा स्थित मामा-भांजा होटल एंड स्वीट्स से क्रीम रोल, अन्नपूर्णा होटल बाराद्वार से रसगुल्ला, मधुर स्वीट्स जैजैपुर से चमचम, सूर्या होटल एंड स्वीट्स हसौद से बूंदी लड्डू एवं कलाकंद, ननकीदाऊ मिष्ठान भंडार हसौद से पेड़ा तथा महाराजा होटल चंद्रपुर से बूंदी के नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। परीक्षण में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

होटलों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण

जिले के अन्नपूर्णा स्वीट्स चंद्रपुर, यादव होटल चंद्रपुर, बीकानेर स्वीट्स जैजैपुर, शिव शक्ति जोधपुर होटल, नटराज स्वीट्स, बनारसी होटल और छेदी होटल का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान रैपिड टेस्ट किट की सहायता से मौके पर ही मिठाइयों और खोया का परीक्षण किया गया।

जिन फर्मों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों और शर्तों के अनुरूप संचालन नहीं पाया गया, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त जांच दल में तहसीलदार सक्ती लीलाधर चंद्रा, राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार जागृति आनंद एवं पद्म लोचन पटेल, अभिहित अधिकारी अहसान तिग्गा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी निखिलेश साहू, शांतनु भट्टाचार्य और सरिता मरावी शामिल रहे।

खाद्य कारोबारियों और उपभोक्ताओं से अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने, मिठाइयों को खुले में नहीं रखने, अखाद्य रंगों का प्रयोग नहीं करने और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ तैयार करने की अपील की है।

वहीं उपभोक्ताओं से सुरक्षित एवं मानक खाद्य पदार्थ खरीदने तथा सामान लेते समय खाद्य पदार्थों के लेबल ध्यानपूर्वक पढ़ने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *